
Jamshedpur : जमशेदपुर में टेल्को कॉलोनी के रहने वाले राजेश गिरी के साथ साइबर ठगी हुई है। उनके बैंक खाते से 63 हज़ार 200 रुपए पार कर दिए गए हैं। बताते हैं कि साइबर ठग ने राजेश गिरी को फोन किया और बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। उसको बताना है। जो ओटीपी मोबाइल पर आया था राजेश गिरी ने साइबर ठग को बता दिया। इसके बाद उन्होंने देखा कि उनके बैंक खाते से धड़ाधड़ 63 हज़ार 200 रुपए निकल गए।
साइबर ठगी की यह घटना 3 सितंबर की है। टेल्को थाना पुलिस ने 9 दिन बाद शनिवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, उसके खिलाफ केस रजिस्टर हुआ है। एफआईआर में 928572549 मोबाइल नंबर के धारक को आरोपी बनाया गया है। टेल्को थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में इन दिनों साइबर ठगी की वारदातें फिर बढ़ने लगी हैं। बिष्टुपुर में साइबर थाना स्थापित है। लेकिन, इन दिनों इस थाने की कोई अहम भूमिका नहीं है। थाना शांत चल रहा है। साइबर ठग जमशेदपुर के नागरिकों की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं। पूर्वी सिंहभूम का जादूगोड़ा इलाका इन दिनों साइबर ठगी का हब बन रहा है। इस इलाके में साइबर ठगों का जमावड़ा लग रहा है।

