
Jamshedpur : डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 25 दिनों से जारी पेयजल संकट, फॉगिंग नहीं होने और नियमित कचरा उठाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्वी लोकसभा प्रत्याशी सौरव विष्णु के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और प्रशासन से मूलभूत सुविधाएं तत्काल बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में पिछले 25 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। इसके अलावा नियमित फॉगिंग और कचरा उठाव नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल करने, नियमित फॉगिंग कराने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। सौरव विष्णु ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत उन्होंने अपने घर से की है और अब जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन जमशेदपुर के कई इलाकों में लोग आज भी पानी, सफाई, नाली और फॉगिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मानगो नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच विकास कार्यों की जिम्मेदारी को लेकर खींचतान का खामियाजा जनता भुगत रही है। उनका कहना था कि नगर निगम स्थानीय विधायक की जिम्मेदारी बताता है, जबकि विधायक इसे नगर निगम का दायित्व बताते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को बहाने नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहिए। सौरव विष्णु ने कहा कि जब पानी के बिल और भुगतान के लिए लोगों को नियमित संदेश भेजे जा सकते हैं, तो नागरिक सुविधाओं को लेकर व्यवस्था भी उसी गंभीरता से काम क्यों नहीं करती। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि डिमना से उठी यह आवाज केवल एक कॉलोनी तक सीमित नहीं रहेगी। यदि पेयजल, सफाई, नाली और फॉगिंग जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जमशेदपुर के अन्य इलाकों में भी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, सम्मानजनक जीवन और बेहतर नागरिक सुविधाओं की मांग के लिए है। धरना-प्रदर्शन में राकेश प्रसाद, बी. पालित, ए.के. सिंह, साकेत रंजन, सुबोध प्रसाद, गिरधारी सिंह, राजकुमार वर्मा, विनोद प्रसाद, जसविंदर कौर, बीना देवी, उषा कुमारी, उषा देवी, खगेश पांडेय, प्रमोद मालाकार, शशि भूषण, अभय कुमार, के.पी. गुप्ता, अजीत कुमार सिंह, मनोज खत्री और अभय सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

