Home » Jamshedpur News : उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, स्कूलों में 70% उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य

Jamshedpur News : उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, स्कूलों में 70% उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य

Jamshedpur News : विद्यालयों में साइकिल वितरण की समीक्षा के दौरान शेष बची साइकिलों की जानकारी ली गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के शैक्षणिक एवं आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, आधार और बैंक खाता निर्माण, साइकिल वितरण समेत शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।

लंबित भवन निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। जुलाई 2026 में जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए विद्यालय भ्रमण की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने आवासीय विद्यालयों में लंबित भवन निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में देरी के कारण बच्चों के आवासन और पठन-पाठन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

चाकुलिया, डुमरिया और मुसाबनी में उपस्थिति सुधार पर जोर

विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान चाकुलिया, डुमरिया और मुसाबनी प्रखंड में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अगली समीक्षा बैठक तक जिले के सभी प्रखंडों में कम से कम 70 प्रतिशत छात्र उपस्थिति* सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

7,238 बच्चों के लिए लगेगा विशेष कैंप

बैठक में आधार निर्माण और आधार अपडेट के लिए लगाए जा रहे कैंप की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने पर्याप्त संख्या में ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बताया गया कि पिछले महीने जिले में 919 बैंक खाते खोले गए हैं। उपायुक्त ने बैंक खाता खोलने की रफ्तार में सुधार लाने को कहा। वहीं, जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण आधार नहीं बन पाने वाले 7,238 बच्चों के लिए विशेष कैंप आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

11 अगस्त से होगी सिकुई दिकुई अभियान की परीक्षा

सिकुई दिकुई अभियान के तहत 11 अगस्त से परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में बताया गया कि परीक्षा के आयोजन को लेकर कार्यक्रम और प्रश्नपत्र से संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का व्यवस्थित और सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।

पात्र विद्यार्थियों को जल्द मिले साइकिल

विद्यालयों में साइकिल वितरण की समीक्षा के दौरान शेष बची साइकिलों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए उपायुक्त ने निजी विद्यालयों से सेवानिवृत्त और इच्छुक शिक्षकों की सेवाएं लेने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन माध्यम से विषयवार पढ़ाई की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग मिल सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Read Also: Jamshedpur News : जुगसलाई में ब्राउन शुगर का कारोबार करने वाली महिला गिरफ्तार, 50 पुड़िया बरामद

Related Articles