
Jamshedpur : जुगसलाई पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने जुगसलाई की रहने वाली महिला टीना उर्फ हिना परवीन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ब्राउन शुगर की 50 पुड़िया बरामद हुई है। हिना परवीन से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका पति फैसल के अलावा एक अन्य महिला शिवानी उर्फ खुशबू भी इस कारोबार में लिप्त है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिवानी उर्फ खुशबू जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी की रहने वाली है। वह दिलावर की पत्नी है। पुलिस फैसल और शिवानी की तलाश में छापेमारी कर रही है। सोमवार को पुलिस ने हिना परवीन को जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में ब्राउन शुगर का धंधा शहर भर में फैल चुका है। शहर की बस्तियों में किराना की दुकानों और गुमटियों से गांजा और ब्राउन शुगर बेची जा रही है। इसी के चलते शहर में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। चोरी और हत्या की घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं।

