
Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 17 और 18 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में मानसून ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को चैंबर भवन सभागार में फेयर के पोस्टर का विधिवत लॉन्च किया गया।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि व्यापार को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय और महिला उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना चैंबर की प्राथमिकताओं में शामिल है। मानसून ट्रेड फेयर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शहरवासियों से सपरिवार फेयर में पहुंचकर स्थानीय उद्यमियों और उनके उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने कहा कि मानसून ट्रेड फेयर महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का प्रभावी मंच है। फेयर में विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों की आकर्षक रेंज उपलब्ध होगी, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर खरीदारी के कई विकल्प मिलेंगे। उन्होंने बताया कि चैंबर की ओर से वर्ष में दो बार इस तरह के ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाता है, ताकि महिला और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिल सके।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि फेयर को सफल और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर खरीदारी अनुभव देने के साथ प्रतिभागी उद्यमियों को अधिक से अधिक व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।
सचिव ट्रेड एंड कॉमर्स भरत मकानी ने बताया कि ट्रेड फेयर में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे व्यापारियों को अपने उत्पाद नए ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, वहीं उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विभिन्न उत्पाद खरीदने का विकल्प मिलेगा।
सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक चलेगा फेयर
मानसून ट्रेड फेयर का आयोजन 17 और 18 अगस्त को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक किया जाएगा। फेयर में विभिन्न प्रकार के उत्पादों के साथ शहरवासियों के लिए खरीदारी के आकर्षक विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष वित्त एवं कराधान राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष पीआरडब्ल्यू अभिषेक अग्रवाल, उपाध्यक्ष इंडस्ट्री हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती सुमन नागेलिया समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
चैंबर ने जमशेदपुरवासियों से सपरिवार मानसून ट्रेड फेयर में शामिल होने और स्थानीय व महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

