
Jamshedpur : शिक्षा मंत्रालय और आईआईटी कानपुर की संयुक्त पहल ‘साथी’ के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम के सोहदा स्थित एचसीएल/आईसीसी वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में ‘प्रगति 2026’ करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। दो घंटे चले कार्यक्रम में ग्रामीण एवं स्थानीय छात्रों को करियर के विभिन्न अवसरों, उभरती तकनीकों और व्यक्तिगत विकास के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों और विज्ञान परियोजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
सत्र में एचसीएल/आइसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। अभिषेक (एजीएम/एचआर) ने स्कूली शिक्षा के बाद करियर विकल्पों की जानकारी दी। अर्जुन लोहरा ने समय प्रबंधन और समर्पण, जबकि सुमित एक्का ने गुणवत्तापूर्ण अध्ययन पर जोर दिया। अभिनव कुमार ने संघर्ष के माध्यम से सफलता पाने के व्यावहारिक सिद्धांत साझा किए। साकेत कुमार सिन्हा ने शैक्षणिक तनाव से निपटने के उपाय बताए। प्रशांत कुमार ने लक्ष्य निर्धारण और समय सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने छात्रों के मानसिक तनाव, शैक्षणिक दबाव और माता-पिता व बच्चों के बीच सोच के अंतर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में छात्रा मोस्म्मि कालिंदी ने मंच संचालन किया, जबकि लतिका गोप ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। आयोजन में साथी मित्र पूजा कुमारी, समन्वयक महेंद्र बैठा, शिक्षक श्याम मुर्मू, किरण गिरी और केंद्र की पूरी टीम का योगदान रहा।

