Home » Jamshedpur News: सिंहभूम चैम्बर ने SSP को सौंपे सुझाव, व्यापारियों की सुरक्षा से लेकर यातायात सुधार पर जोर

Jamshedpur News: सिंहभूम चैम्बर ने SSP को सौंपे सुझाव, व्यापारियों की सुरक्षा से लेकर यातायात सुधार पर जोर

चैम्बर ने बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने का सुझाव दिया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) ने बुधवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। इस दौरान डीएसपी (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी मौजूद रहे।

चैम्बर ने व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा मजबूत करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने, चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश, साइबर अपराध से निपटने तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई की मांग

चैम्बर ने बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने का सुझाव दिया। व्यापारियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने में सुविधा और शिकायतों के समयबद्ध निपटारे की आवश्यकता भी बताई गई।

चैम्बर का कहना है कि पुलिस और व्यापारिक समुदाय के बीच नियमित संवाद और बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

सड़क दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था पर चर्चा

शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी और यातायात नियमों के प्रभावी पालन का सुझाव दिया गया। नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण की जरूरत भी बताई गई।

दुर्घटना होने की स्थिति में शुरुआती महत्वपूर्ण समय में पुलिस सहायता और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

सीसीटीवी और साइबर अपराध पर विशेष ध्यान

चैम्बर ने बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी इस्तेमाल का सुझाव दिया। कैमरों की मदद से अपराध की रोकथाम और घटनाओं की जांच को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए व्यापारियों और आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता भी बताई गई। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का सुझाव दिया गया।

त्योहारों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक की जाएगी। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अपराध और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित निगरानी और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था में सुधार और अपराध नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने चैम्बर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ को संकरा न करें। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी और राजीव अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, व्यवसायी और चैम्बर सदस्य मौजूद रहे। बैठक के दौरान सदस्यों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से जुड़े सवाल और सुझाव रखे, जिनका एसएसपी ने जवाब दिया।

Read also – Jamshedpur News: हरेलाल महतो ने शैलेन्द्र महतो को भेजा कानूनी नोटिस, फेसबुक पोस्ट पर विवाद के बाद मांगी 2 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति

Related Articles

Leave a Comment