
Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित नेचर पार्क के सामने मीना अपार्टमेंट में चोरी की सूचना का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि घर में चोरी नहीं हुई थी। ताला टूटने के बाद गृहस्वामी मोहम्मद रईस को गलतफहमी हुई थी कि उनके घर से नकदी, मोबाइल और जेवरात चोरी हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद रईस रविवार शाम करीब छह बजे नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। इससे वह घबरा गए और उन्हें लगा कि घर में चोरी हो गई है। उन्होंने घर में रखा मोबाइल फोन, करीब 20 हजार रुपये नकद और जेवरात गायब होने की आशंका जताई।
बाद में जब उन्होंने घर की अच्छी तरह जांच की तो मोबाइल, नकदी और अन्य सामान घर में ही मौजूद मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि एक युवक ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ था। बताया गया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका रांची के कांके में इलाज चल रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि युवक मोहम्मद रईस का परिचित है। युवक घर से कुछ सामान लेकर चला गया था। बाद में उसकी मां ने वह सामान मोहम्मद रईस को वापस सौंप दिया। रईस ने पुलिस से कहा है कि वह इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
मानगो थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला चोरी का नहीं था। ताला टूटा देखकर मोहम्मद रईस घबरा गए थे और उन्हें लगा कि घर में चोरी हो गई है। इसी आधार पर उन्होंने चोरी की जानकारी दी थी। बाद की जांच में उनका मोबाइल, नकदी और अन्य सामान घर में ही मिला।
पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि घटना में चोरी का मामला नहीं बनता है। युवक के परिचित होने और सामान वापस मिलने के बाद मोहम्मद रईस ने भी कार्रवाई की इच्छा नहीं जताई। पुलिस ने मामले का पटाक्षेप कर दिया है।
Read also – Chakradharpur News : निरीक्षण को निकले डीआरएम का स्पेशल यान ही रास्ते में हुआ खराब

