
Jamtara : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सोमवार को जामताड़ा सदर अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच उसका पोस्टमार्टम कराया गया। प्रशासनिक निगरानी में चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की।
पोस्टमार्टम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू मौजूद रहे। मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ. दुर्गेश झा, डॉ. मिकी माझी और डॉ. विशाल ने जांच के दौरान शव से दो गोलियां बरामद कीं। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर कई स्थानों पर गोलियों के आर-पार निकलने के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि मुठभेड़ के दौरान सुजीत सिन्हा को कई गोलियां लगी थीं।
पोस्टमार्टम की सूचना मिलने के बाद रांची के रातू रोड स्थित पंडरा से सुजीत सिन्हा के ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। उसकी सास उषा देवी, साला आयुष समेत अन्य परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां माहौल भावुक हो गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव परिजनों को नहीं सौंपा गया था।
परिजनों ने बताया कि सुजीत का भाई, जो फिलहाल छत्तीसगढ़ में रहता है, जामताड़ा के लिए रवाना हो चुका है। उसके पहुंचने के बाद जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल ले जाए जाने के दौरान जामताड़ा में पुलिस और सुजीत सिन्हा के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस के अनुसार, रास्ते में सुजीत ने भागने की कोशिश की, एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान वह मारा गया। मामले की जांच अभी जारी है।


