Home » Jharkhand Accident : बंदगांव में भीषण सड़क हादसा; ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Jharkhand Accident : बंदगांव में भीषण सड़क हादसा; ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Jharkhand Accident : हादसे की जानकारी मिलते ही बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

by Anurag Ranjan
Road-Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत माटागड़ में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां एक अनियंत्रित ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में 17 वर्षीय एक किशोर की जान चली गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त बंदगांव थाना अंतर्गत ईचागुटु ग्राम निवासी रामराय नाग के रूप में की गई है।

सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक कहीं जा रहे थे। इसी दौरान माटागड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, दो रिम्स रेफर

हादसे की जानकारी मिलते ही बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में उपचार के दौरान रामराय नाग ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य दो घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है।

वाहनों को पुलिस ने किया जब्त, जांच जारी

पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और ट्रक को जब्त कर थाने ले आया गया है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि माटागड़ में हुई इस सड़क दुर्घटना में तीन युवक हताहत हुए थे, जिनमें से एक किशोर की मौत हो चुकी है और दो घायलों को रिम्स भेजा गया है। दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से ईचागुटु गांव और उसके आस-पास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Read Also: Chakradharpur : चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र में विकास योजनाओं को रफ्तार देने की कवायद, डीआरएम और नप अध्यक्ष ने किया संयुक्त निरीक्षण

Related Articles