
Ranchi : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 18वीं वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले झारखंड के खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सोमवार को खिलाड़ियों ने रांची स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की।
इस दौरान राज्यपाल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे आगे भी इसी लगन और प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और देश के साथ-साथ झारखंड का नाम विश्व स्तर पर रोशन करते रहें। मुलाकात के दौरान कोच विश्वजीत कुमार के साथ खिलाड़ी लखन उरांव, आरित उरांव, अध्विक उरांव, ईशान भगत और कुमकुम विश्वकर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 18वीं वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन एक से चार अगस्त तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया गया था। प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेते हुए पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

