
रांची: 6 अगस्त से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मानसून) सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी शामिल हुए।
बैठक में मानसून सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभी दलों के प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने पर जोर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 6 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा और तीखी बहस होने की संभावना है। ऐसे में सर्वदलीय बैठक को सदन के सुचारू संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


