
देवघर: श्रावणी मेले के रंग में रंगे देवघर के लोगों को इस बार 24 अगस्त की शाम एक नया अनुभव मिलने जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से शहर के आसमान में एक विशाल लाइट एंड साउंड ड्रोन शो कराया जाएगा। शाम 7 बजे के बाद शिवलोक परिसर के पास से सैकड़ों स्वदेशी ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे और भगवान शिव से जुड़ी कई शानदार तस्वीरें आसमान में उकेरेंगे।
भक्ति और तकनीक की जुगलबंदी
यह शो इतना भव्य होगा कि मंदिर परिसर के आसपास 5 किलोमीटर तक रहने वाले लोग अपने घरों की छत या खाली जगहों से इसे आसानी से देख सकेंगे। आसमान में नीली-पीली रोशनियों के सहारे बाबा बैद्यनाथ की महिमा और धार्मिक प्रतीकों को दर्शाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक अलग ही अहसास होगा।
पिछली बार की भारी सफलता को देखते हुए इस साल भी शिवलोक परिसर के आसपास काफी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल ने पहले से ही ट्रैफ़िक और सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है।
यह दूसरी बार है जब देवघर में ऐसा डिजिटल शो आयोजित हो रहा है। प्रशासन और पर्यटन विभाग ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को इस ख़ास नज़ारे का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है।

