
गिरिडीह: बाबा बासुकीनाथ और बैद्यनाथ धाम में जलार्पण कर वापस अपने घर लौट रहे कांवरियों की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। उनका वाहन एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। मंगलवार को गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र स्थित मछियाटांड़ पुलिया के पास श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में वाहन चालक समेत कुल 10 कांवरिये घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
सभी श्रद्धालु पड़ोसी राज्य बिहार के वैशाली और राजगीर इलाके के रहने वाले हैं। वे देवघर से पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी तिसरी इलाके के मछियाटांड़ पुलिया के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो बैठा और वैन पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप से सभी घायलों को बाहर निकाला। पुलिस की गाड़ियों और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए पास के तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान मंटू कुमार, जितन यादव, प्रतिमा देवी, मीना देवी, सुमन राज, चिंता देवी, मीरा देवी, चुन्नू कुमार, पीयूष कुमार और गौतम कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है।
Read Also: Giridih Crime: गिरिडीह में भाजयुमो नेता की गोली मारकर हत्या, लोगों का फूटा आक्रोश, एनएच जाम

