
Gumla: गुमला प्रखंड के अंबेराडीह स्थित भवानी होटल के पास सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 28 वर्षीय मंटू सिंह उर्फ गोपीचंद सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि मंटू सिंह अंबेराडीह के रहने वाले थे और अपनी पत्नी के साथ करम टोली में किराये के मकान में रहते थे। उन्होंने प्रेम विवाह किया था और उनका एक छोटा बच्चा भी है। कुछ समय पहले ही उन्होंने एक ट्रैक्टर खरीदा था और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव में काम खत्म करने के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भवानी होटल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
मंगलवार सुबह गुमला थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Read Also: Gumla Road Accident : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से नेत्रहीन युवक की मौत


