
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल करने में झारखंड की खिलाड़ियों का योगदान राज्य और देश के लिए गौरव और सम्मान की बात है. खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और अदम्य जज्बे से देश का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस सफलता से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है. मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान बोल रहे थे.
मुख्यमंत्री से भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों से एशियन गेम्स की तैयारियों और प्रतियोगिता के अनुभव की जानकारी ली. इसके बाद खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.
बेटियों की उपलब्धि से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राज्य की युवा पीढ़ी, खिलाड़ियों और विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी उत्साह, लगन, परिश्रम और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है. राज्य की खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाया है.
कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई
मुलाकात के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया. मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच-सह-सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जेनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद मौजूद थे.

