
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक के पास स्थित गोल्डन ज्वैलर्स में चोरों ने देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे। शटर का ताला टूटा देखकर उन्होंने तुरंत बागबेड़ा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दुकान की जांच करने पर बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण गायब मिले। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान चोरी की पूरी घटना कैद मिली। फुटेज में वारदात रात करीब 3 बजे अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना के बाद दुकान मालिक और उनके परिजनों में आक्रोश है। दुकानदार का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस गश्त होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बागबेड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

