Home » Jamshedpur News : जमशेदपुर में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 39 लाख की डुप्लीकेट सिगरेट जब्त, दो गिरफ्तार

Jamshedpur News : जमशेदपुर में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 39 लाख की डुप्लीकेट सिगरेट जब्त, दो गिरफ्तार

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur fake cigarette
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने नकली सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की डुप्लीकेट सिगरेट की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में मानगो थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े तीन मुख्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह नकली सिगरेट शहर के विभिन्न दुकानदारों तक पहुंचाई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे जाल बिछाया। इसी दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की डिलीवरी करने पहुंचे दो युवकों को मौके से दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 500 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली सिगरेट कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से लाकर जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जाती थी। इसके बाद पुलिस ने बताए गए गोदाम पर छापेमारी की, जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए। जब्त सिगरेट की कुल अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है। वहीं, गोदाम के कथित संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Read also Jamshedpur Chain Snatching: टेल्को चेन छिनतई कांड का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और चेन बरामद

Related Articles

Leave a Comment