
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं के अंदर मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय फूलचंद उर्फ सोना प्रमाणिक के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इलाके के लोग हत्या की आशंका जाता रहे हैं।
गौरतलब है कि फूलचंद पिछले तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था। सोमवार को ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उसके बड़े भाई को दी। भाई घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। इसके बाद घर और आसपास खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान कुएं में फूलचंद का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फूलचंद कुछ वर्षों पहले एक महिला के साथ रहता था। बताया जाता है कि नशे की लत के कारण महिला उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह घर में अकेला रह रहा था। वह पेशे से ड्राइवर था और नशे का आदी बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि फूलचंद की मौत कुएं में गिरने से हुई, उसने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंका गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Read Also: Jamshedpur News : टाटा स्टील में कई वरिष्ठ अधिकारियों का प्रमोशन और तबादला

