
कोडरमा : कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गुरुवार दोपहर एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। हजारीबाग टाउन के रास्ते बरकाकाना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। ट्रेन दोपहर 3:15 बजे रवाना होने ही वाली थी कि उसके सबसे पिछले डिब्बे से तेज धुआं उठने लगा। यात्रियों की सतर्कता और रेलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा समय रहते टल गया।
समय रहते अलग किया गया जलता डिब्बा
जैसे ही बोगी से धुआं निकलता दिखा, स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। बोगी में बैठे यात्री घबराकर बाहर कूदने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल कर्मचारियों ने बिना देरी किए आग पकड़े पीछे के कोच को ट्रेन से काटकर अलग कर दिया। इससे आग बाकी डिब्बों और ट्रेन में बैठे यात्रियों तक नहीं फैल सकी।
दिव्यांग कोच लगी आग, खाली था डिब्बा
राहत की बात यह रही कि जिस डिब्बे में आग लगी, वह दिव्यांगों के लिए आरक्षित बोगी थी और घटना के समय उसमें एक भी यात्री सवार नहीं था। हालांकि, ठीक बगल वाली बोगी में कई यात्री अपनी-अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। यात्रियों ने बताया कि उन्हें अचानक कुछ जलने की गंध महसूस हुई, जिसके बाद बाहर देखने पर पीछे की बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया।
आग पर ऐसे पाया काबू
शुरुआत में रेलवे स्टाफ और आरपीएफ जवानों ने स्टेशन परिसर में मौजूद अग्निशमन यंत्रों और पानी के पाइपों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार और स्टेशन मास्टर विकास कुमार की मौजूदगी में राहत कार्य चलाया गया। फिलहाल आग लगने की असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
Read Also: Koderma Road Accident : स्कूली बच्चों को ले जा रही ओमनी वैन अनियंत्रित होकर पलटी, चार बच्चे घायल

