Home » Musabani Murder: घर में घुसकर बड़े भाई की गला रेतकर हत्या, छोटे ने भागकर बचाई जान

Musabani Murder: घर में घुसकर बड़े भाई की गला रेतकर हत्या, छोटे ने भागकर बचाई जान

by Mujtaba Haider Rizvi
Musabani Murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : मुसाबनी थाना क्षेत्र के कोड़ाशोल गांव के भुल्लूघुटू टोला में सोमवार की देर रात घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने 48 वर्षीय अशोक गिरि की हत्या कर दी। अपराधियों ने धारदार हथियार से उनकी गला रेतकर हत्या की। वहीं, छोटे भाई तपन गिरि ने अंधेरे का फायदा उठाकर घर से भागकर अपनी जान बचाई।

दोनों भाई घर में अकेले रहते थे

जानकारी के अनुसार, अशोक गिरि और उनके छोटे भाई तपन गिरि दोनों अविवाहित थे और भुल्लूघुटू चौक के समीप स्थित अपने घर में साथ रहते थे। रविवार देर रात अज्ञात अपराधी घर में घुसे और सो रहे अशोक गिरि को निशाना बनाया। अपराधियों ने तपन गिरि पर भी हमला करने का प्रयास किया। तपन ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह घर से बाहर निकलकर अंधेरे में भागकर अपनी जान बचाई। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम मुसाबनी पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घर से अशोक गिरि का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई तपन गिरि समेत आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

जमीन विवाद की आशंका, हर एंगल से जांच

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

Read Also: Ghatshila News : स्वर्णरेखा में समा गई 2000 एकड़ जमीन, आज भी लगान चुका रहे किसान

Related Articles