Home » Palamu Crime: सोशल मीडिया पर हथियारों का शोऑफ पड़ा भारी, पलामू में छह से ज्यादा युवा गिरफ्तार

Palamu Crime: सोशल मीडिया पर हथियारों का शोऑफ पड़ा भारी, पलामू में छह से ज्यादा युवा गिरफ्तार

by Mujtaba Haider Rizvi
Palamu Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu: पलामू में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और रील्स बनाकर दबदबा दिखाने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की निगरानी बढ़ने के बाद मार्च 2026 से अब तक आधा दर्जन से अधिक युवाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, कई युवा सोशल मीडिया पर फॉलोअर बढ़ाने और इलाके में अपना प्रभाव दिखाने के लिए हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। कुछ मामलों में युवाओं ने शोऑफ के लिए अवैध हथियार खरीदे, जबकि कुछ लोगों ने नकली हथियारों के साथ भी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की।

ऑपरेशन सफाया के तहत अवैध हथियारों पर कार्रवाई

अगस्त 2026 के पहले सप्ताह में पलामू पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ ऑपरेशन सफाया शुरू किया। इस अभियान के तहत पुलिस ने हथियारों से जुड़े 851 लोगों की सूची तैयार की है। अभियान के दौरान अब तक 29 से अधिक अवैध हथियार बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कम उम्र के कई युवा दबदबा कायम करने के लिए अवैध हथियार खरीद रहे हैं और फिर उनके साथ फोटो व रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।

चियांकि फ्लाईओवर के पास रील बनाते पकड़े गए युवक

जुलाई 2026 में सदर थाना क्षेत्र के चियांकि फ्लाईओवर के पास पुलिस ने हथियार के साथ रील बना रहे दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा था। इनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान कुंदन कुमार रजक (19) और रविंद्र कुमार रजक (18) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवकों ने रील बनाने और इलाके में दबदबा कायम करने के उद्देश्य से हथियार खरीदा था।

दोनों हाथों में हथियार लेकर खिंचवाई थी फोटो

जून 2026 में हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव निवासी अभय कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने दोनों हाथों में हथियार लेकर फोटो खिंचवाई और उसे अपने दोस्तों के बीच साझा किया। पुलिस ने उसके पास से दोनों हथियार बरामद किए थे।

पुलिस के मुताबिक, अभय ने शौक और शोऑफ के लिए हथियार अपने पास रखा था।

500 रुपये रोज कमाने वाले मिस्त्री ने 10 हजार में खरीदा कट्टा

23 अगस्त 2026 को पलामू पुलिस ने पाटन थाना क्षेत्र से वॉल पुट्टी मिस्त्री करण कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, करण ने गोतिया और इलाके में दबदबा बनाने के लिए 10 हजार रुपये में देसी कट्टा खरीदा था। करण की रोजाना आमदनी करीब 500 रुपये थी, लेकिन उसने केवल हथियार का शोऑफ करने के लिए अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च कर दिया।

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर, आर्म्स एक्ट में हो सकती है कार्रवाई

पलामू पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि हथियार के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करके शोऑफ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं को चेतावनी दी है कि अवैध हथियार रखने या उसका प्रदर्शन करने पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो सकता है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई के साथ युवाओं के भविष्य और करियर पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार का फोटो अपलोड कर शोऑफ करना गंभीर मामला है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल करने और अवैध हथियारों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मामलों में नकली हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

अवैध हथियार की सूचना देने पर मिलेगा इनाम

पलामू पुलिस ने अवैध हथियारों की सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा भी की है। पुलिस के अनुसार, ऑटोमेटिक हथियार की सूचना देने पर 15 हजार रुपये, देसी कट्टा की जानकारी देने पर 5 हजार रुपये और बड़े हथियार की सूचना देने पर 20 हजार रुपये से अधिक का इनाम दिया जा सकता है।

पलामू में सक्रिय है हथियार तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, पलामू क्षेत्र में बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़े हथियार तस्करों का नेटवर्क सक्रिय रहा है। आपराधिक गिरोहों द्वारा जहां ऑटोमेटिक हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है, वहीं स्थानीय स्तर पर दबदबा बनाने वाले लोग देसी कट्टों का सहारा लेते हैं। अप्रैल 2024 में भी पलामू पुलिस ने हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 देसी कट्टे और एक कार्बाइन समेत कई हथियार बरामद किए थे। जांच में हथियारों की कीमत और आपूर्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई थी।

लगातार बरामद हो रहे देसी कट्टे

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में 24 देसी कट्टे, 2023 में 23, 2024 में कुल 48 हथियारों में 22 देसी कट्टे और 2025 में 25 देसी कट्टे बरामद किए गए। वर्ष 2026 में अब तक 20 से अधिक देसी कट्टे बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पलामू में पकड़ी जा चुकी हैं अवैध हथियार फैक्ट्रियां

पलामू, गढ़वा और लातेहार क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर देसी हथियार बनाए जाने के मामले भी सामने आते रहे हैं। अक्टूबर 2022 में पलामू में एक अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, जहां देसी तरीके से हथियार तैयार किए जा रहे थे। इसके बाद जनवरी 2023 में पलामू पुलिस ने नावाबाजार थाना क्षेत्र में एक अन्य अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। यहां देसी हथियार और कट्टे बनाने का काम चल रहा था।

पुलिस की मौजूदा कार्रवाई का उद्देश्य अवैध हथियारों की सप्लाई रोकने के साथ सोशल मीडिया के जरिए हथियारों का प्रचार और प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर भी शिकंजा कसना है।

 Read Also: Palamu News: पिकनिक मनाने आए दोस्तों की डूबने से चली गई जान, मूंज की झाड़ी में फंसा दूसरा शव NDRF ने किया बरामद

Related Articles