
Ranchi : झारखंड पुलिस में ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की प्रक्रिया को बड़ी मंजूरी मिल गई है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित अनुकंपा समिति की बैठक में 153 आश्रितों की नियुक्ति पर सहमति जताई गई। इस फैसले से दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल मिलेगा।
डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में कुल 163 मामलों की समीक्षा की गई। इनमें से 153 मामलों को मंजूरी दी गई, जबकि चार मामलों को विभिन्न कारणों से फिलहाल लंबित रखा गया। वहीं तीन मामलों को नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अस्वीकार कर दिया गया।
अनुकंपा समिति की बैठक की अध्यक्षता एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक ने की। बैठक में जैप डीआईजी कार्तिक एस, स्पेशल ब्रांच के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सीआईडी डीआईजी चंदन कुमार झा तथा एसपी (गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा) सदस्य के रूप में शामिल हुए।
समिति की अनुशंसा के बाद चयनित 153 आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और पात्रता के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। इनमें 66 कॉन्स्टेबल, 62 बाल आरक्षी, 24 महिला आरक्षी और एक फायरमैन ड्राइवर का पद शामिल है।
पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सेवा के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

