
रांची: रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ आंदोलन पर डटे युवाओं की आवाज अब बॉलीवुड तक पहुंच गई है। अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता कुनिका सदानंद रविवार को मुंबई से सीधे रांची पहुंचीं और आंदोलनकारी छात्रों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।
छात्रों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने के बाद कुनिका ने प्रदेश की शिक्षा और बहाली प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र सड़कों पर आंदोलन करने नहीं, बल्कि पढ़ाई कर अपना भविष्य बनाने आए हैं।
अभिनेत्री ने प्रमुखता से उठाईं ये बातें
CBI जांच पर सहमति: छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि अगर युवा सीबीआई जांच चाहते हैं, तो सरकार को इससे पीछे नहीं हटना चाहिए। इससे युवाओं के मन में परीक्षा प्रणाली को लेकर दोबारा विश्वास जगेगा।
पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई: प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली या पेपर लीक के दावों पर सरकार को टालमटोल छोड़कर तुरंत कड़े कदम उठाने चाहिए।
संवाद से निकले हल: सरकार और छात्रों को आपस में बैठकर बातचीत करनी चाहिए, ताकि विवाद खत्म हो और छात्र वापस अपनी किताबों की तरफ लौट सकें।
कुनिका ने साफ कहा कि दिल्ली के पेपर लीक और झारखंड के नौकरी विवाद में फर्क है, लेकिन दोनों ही जगह नुकसान सिर्फ छात्रों का हो रहा है। उन्होंने हेमंत सरकार से इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से सुलझाने की अपील की।
Read Also: Ranchi News: आंदोलनरत छात्रों से कल बातचीत, समाधान निकालने की सरकार की पहल

