
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को रांची सदर अस्पताल पहुंचकर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जुड़े आंदोलन के बीच अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांतिकारी का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। बता दे अनशन के दौरान आज शुक्रवार को ही सुबह में छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आंदोलनकारी छात्र राज्य के अपने बच्चे हैं और उनकी सुरक्षा व स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राहुल क्रांतिकारी का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है तथा फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग उनकी देखभाल पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कर रहा है।
डॉ. अंसारी ने आंदोलनरत छात्रों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी हर जायज चिंता को गंभीरता से सुनने और उसका समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान संवाद और बातचीत से ही निकलता है। इसलिए छात्र अनशन और धरना समाप्त कर वार्ता का रास्ता अपनाने पर विचार करें। उन्होंने कहा, “आपका जीवन अनमोल है। जान है तो जहान है। हम सब मिलकर ऐसा समाधान निकालेंगे, जिससे छात्रों के हितों की रक्षा हो और झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो।”

