
जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू), चाईबासा के अंतर्गत आने वाले सभी अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में चार वर्षीय स्नातक (यूजी) सत्र 2026–2030 के सेमेस्टर-1 में रिक्त सीटों पर नामांकन का एक और मौका दिया गया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार तथा विश्वविद्यालय के पूर्व आदेशों के आलोक में अब विद्यार्थी 5 सितंबर 2026 तक अपना नामांकन करा सकेंगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार, यह अवसर केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्होंने चांसलर पोर्टल के माध्यम से पूर्व में ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है और जिनका नामांकन अब तक नहीं हो सका है। छात्र केवल उन्हीं विषयों में दाखिला ले सकेंगे, जिसके लिए उन्होंने पोर्टल पर आवेदन दिया था।
सीटों के समायोजन का निर्देश:
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्राचार्यों और प्रभारी प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे सरकार द्वारा निर्धारित ‘कुल वार्षिक क्षमता’ को यथावत रखते हुए आवश्यकतानुसार विषयवार रिक्त सीटों का समायोजन कर विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे रिक्त सीटों और नामांकन प्रक्रिया से संबंधित पूरी जानकारी अपने कॉलेज के नोटिस बोर्ड तथा आधिकारिक वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि कोई भी योग्य छात्र नामांकन से वंचित न रहे।
कई कॉलेजों में सीट रिक्त
मालूम हो कि एडमिशन प्रक्रिया दो महीने होने के बाद भी अधिकतर कॉलेजों के कई विषयों में सीटे बड़ी संख्या में रिक्त है वहीं अभी तक पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 20 से 25 प्रतिशत कम नामांकन हुआ है। कई कॉलेज में तो कुल सीट का 50 प्रतिशत एडमिशन भी नहीं हो पाया है। यही वजह है कि सीट को भरने के लिए बार बार तिथि को विस्तारित करनी पड़ रही है।

