
Jamshedpur : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) को आखिरकार नया रजिस्ट्रार मिल गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज के जूलॉजी (प्राणिशास्त्र) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अमर कुमार को केयू का नया प्रभारी रजिस्ट्रार नियुक्त किया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। डॉ. अमर कुमार मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण करेंगे। खास बात यह है कि डॉ. अमर कुमार कोल्हान विश्वविद्यालय के इतिहास में सबसे कम उम्र के रजिस्ट्रार बनने का गौरव भी हासिल करेंगे। उल्लेखनीय है कि इसी महीने डॉ. आरके कर्ण द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद से रजिस्ट्रार का पद रिक्त चल रहा था, जिससे विश्वविद्यालय का कामकाज प्रभावित हो रहा था।
वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों में आएगी तेजी
विश्वविद्यालय में पूर्णकालिक रजिस्ट्रार की नियुक्ति न होने के कारण कई महत्वपूर्ण वित्तीय और प्रशासनिक मामले अटके पड़े थे। नए रजिस्ट्रार के पद भार संभालने के साथ ही अब रुके हुए वित्तीय भुगतानों, शिक्षकों व कर्मचारियों के लंबित मामलों और विकास कार्यों को एक बार फिर रफ्तार मिलने की उम्मीद जगी है।


