
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह को अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में आयोजित करने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्ग घड़ी घर चौक तक आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजनों के बीच राष्ट्रीय पर्व को लेकर जागरूकता फैलाना तथा युवाओं को खेलकूद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।
पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को किया रवाना
रैली का विधिवत शुभारंभ प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी तथा जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया और स्वयं उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
युवाओं व महिला प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
प्रशासनिक पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, स्वास्थ्य-जागरूकता तथा देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होती है। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती प्रखंडों से आए युवाओं एवं महिला प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समाहरणालय परिसर से रवाना होकर विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरती हुई यह रैली घड़ी घर चौक पर समाप्त हुई, जहां प्रतिस्पर्धा के अंतिम परिणाम घोषित किए गए।
काफी कड़े और रोमांचक मुकाबले के बाद पुरुष वर्ग में मनोहरपुर प्रखंड के कृष्णा महतो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सोनुवा प्रखंड के उदय सुण्डी ने द्वितीय और सोनुवा के ही सरजोम सुण्डी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। दूसरी ओर, महिला वर्ग की स्पर्धा में भी प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिला वर्ग में सोनुवा प्रखंड की शीला बानरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि सदर प्रखंड की बुधनी सामड द्वितीय तथा खूंटपानी प्रखंड की बाहलेन बानरा तृतीय स्थान पर रहीं।
विजयी प्रतिभागियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही रैली में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागियों के प्रयास की भी सराहना की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे और खेल विभाग व पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से पूरा आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
Read Also Chaibasa News : मारवाड़ी महिला समिति ने पुलिस अस्पताल को भेंट किया आरओ वाटर प्यूरीफायर

