
Jamshedpur : गोलमुरी क्षेत्र की बदहाल यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर बने गड्ढों को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो वे 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी में सड़क किनारे बड़े वाहनों के बेतरतीब खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। वहीं, कई स्थानों पर सड़क पर बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहे हैं। रात में बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर व संकेतक के खड़े भारी वाहनों से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
उन्होंने प्रशासन से नो-पार्किंग जोन को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर सख्ती से लागू करने, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था करने और सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीक आवर में विशेष यातायात निगरानी के साथ सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर नियमित चालान और जरूरत पड़ने पर टोइंग की कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं का अध्ययन कर ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की भी मांग की।
अप्पू तिवारी ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा। उन्होंने प्रशासन से 48 घंटे के भीतर कार्रवाई शुरू कर समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

