
Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा शहर के अपर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में गुरुवार शाम करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटने की कोशिश खत्री ज्वेलर्स दुकानदार की सूझबूझ और बहादुरी के कारण विफल हो गई। दुकान संचालक ने हथियारबंद अपराधी से भिड़कर उसका देशी कट्टा छीन लिया, जिसके बाद दोनों बदमाश बिना लूट किए मौके से फरार हो गए।
बताते हैं कि अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम करीब पांच बजे दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। भरोसा होने पर दुकानदार संजय खत्री ने करीब 15 सोने की चेन से भरा एक बॉक्स उनके सामने रख दिया, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसी दौरान एक आरोपी ने चालाकी से सभी चेन कागज में लपेटकर अपने साथी को थमा दी। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने तुरंत देशी कट्टा निकालकर उन पर तान दिया। उस समय दुकान में कुछ ग्राहक, दुकानदार का भतीजा और एक महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हालात को भांपते हुए संजय खत्री ने हिम्मत दिखाते हुए हथियारबंद बदमाश का मुकाबला किया। दोनों के बीच हाथापाई हुई और संघर्ष के दौरान दुकानदार ने आरोपी के हाथ से देशी कट्टा छीन लिया। अपने साथी को फंसता देख दूसरा बदमाश भी दुकान से बाहर निकल आया और दोनों पास की गली में खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। जल्दबाजी में वे सोने के आभूषण भी नहीं ले जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकानदार ने अपराधी से छीना गया देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
घटना के बाद अपर बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात में शामिल एक संदिग्ध युवक करीब एक सप्ताह पहले भी ग्राहक बनकर दुकान पर आया था। उसने काफी देर तक आभूषण देखे थे, लेकिन बिना खरीदारी किए लौट गया था। पुलिस को आशंका है कि उसी दौरान दुकान की रेकी की गई थी और बाद में पूरी योजना के साथ लूट की कोशिश की गई।
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read Also: Lohardaga Suicide: लोहरदगा में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव


