
Jamshedpur : मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम ने पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, वाल्व लगाने और जलापूर्ति संयंत्र की मरम्मत समेत नौ महत्वपूर्ण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इन सभी कार्यों की अनुमानित लागत करीब 1.02 करोड़ रुपये बताई गई है।
नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के मुताबिक, इन योजनाओं का मकसद मानगो के अलग-अलग इलाकों में जलापूर्ति नेटवर्क से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करना है। कार्यादेश जारी होने के बाद संबंधित काम अधिकतम 10 दिनों के भीतर शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
इन कार्यों में बावनगोड़ा चौक बागानसाही रोड नंबर-7 में पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, समता नगर में 135 मीटर 100 एमएम पाइपलाइन और वाल्व का इंटरकनेक्शन तथा गोकुल नगर में 550 मीटर पाइपलाइन और वाल्व का इंटरकनेक्शन शामिल है।
इसके अलावा जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित डब्ल्यूटीपी में आठ फिल्टर बेड और 6 एमजीडी क्षमता की सफाई एवं मरम्मत कराई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर स्लूइस वाल्व, एयर वाल्व और पाइप की आपूर्ति के साथ स्काई टावर से गुलजार बाग के समीप तक वितरण पाइपलाइन जोड़ने का काम भी योजना में शामिल है।
बेचा खान रोड से कुली रोड तक पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, टैंक रोड में स्लूइस वाल्व लगाने तथा शांति नगर रोड नंबर-6 से संजय पथ तक 71 मीटर पाइपलाइन और वाल्व के इंटरकनेक्शन का काम भी कराया जाएगा।
जयपाल कॉलोनी में पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद
जयपाल कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ी है। मेयर सुधा गुप्ता ने इस संबंध में उपायुक्त से बातचीत कर आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके बाद कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के समक्ष भी मामला रखा गया।
बताया गया है कि पेयजल से जुड़े कार्य को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी एनओसी उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है। एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
मेयर ने कहा कि पेयजल हर नागरिक की बुनियादी जरूरत है। मानगो के जिन इलाकों में पाइपलाइन या तकनीकी कारणों से लोगों को परेशानी हो रही है, वहां संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में काम किया जा रहा है।
नौ योजनाओं के धरातल पर उतरने और जयपाल कॉलोनी के लिए एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मानगो के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति नेटवर्क के मजबूत होने की उम्मीद है।
Read also – Jamshedpur News: नदी में एक बच्ची के डूबने के चलते परिजनों ने मानगो ब्रिज पर लगाया जाम, NDRF बुलाने की मांग

