Home » Palamu News: बैंक ऑफ इंडिया के खाते से फर्जी सेल्फ चेक के जरिए 3.50 लाख की निकासी, खाताधारी ने बैंक कर्मचारियों पर लगाया मिलीभगत का आरोप

Palamu News: बैंक ऑफ इंडिया के खाते से फर्जी सेल्फ चेक के जरिए 3.50 लाख की निकासी, खाताधारी ने बैंक कर्मचारियों पर लगाया मिलीभगत का आरोप

बिनय कुमार महतो ने बताया कि उन्हें अब तक बैंक की ओर से चेकबुक मिली ही नहीं थी। इसके बावजूद उनके खाते से चेक के जरिए 3.50 लाख रुपये निकाल लिए गए।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : शहर के महिंद्रा आर्केड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से एक खाताधारी के खाते से चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित खाताधारी बिनय कुमार महतो को घटना की जानकारी तब हुई, जब उनके मोबाइल पर खाते से राशि निकासी का मैसेज आया। बैंक पहुंचकर पूछताछ करने पर पता चला कि रकम सेल्फ चेक के जरिए निकाली गई है।

बिनय कुमार महतो ने बताया कि उन्हें अब तक बैंक की ओर से चेकबुक मिली ही नहीं थी। इसके बावजूद उनके खाते से चेक के जरिए 3.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। बैंक में भुगतान किए गए चेक की जांच करने पर उनके नाम से अंग्रेजी में हस्ताक्षर मिले, लेकिन उन्होंने हस्ताक्षर को अपना मानने से इनकार कर दिया।

मामले की जांच के दौरान बैंक की सीसीटीवी फुटेज देखी गई। फुटेज में चश्मा पहने एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आया। बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस से आए चेकबुक और अन्य दस्तावेजों को सूचीबद्ध करने के दौरान बैंककर्मी कुछ देर के लिए अपनी जगह से हटा था। इसी दौरान उक्त व्यक्ति कथित तौर पर बिनय महतो की चेकबुक लेकर वहां से निकल गया।

इसके बाद आरोपी ने सेल्फ चेक भरकर बैंक से 3.50 लाख रुपये निकाल लिए। बैंक अधिकारियों का कहना है कि चेक पर किया गया हस्ताक्षर खाताधारी के हस्ताक्षर से काफी मिलता-जुलता था और चेक पर ‘सेल्फ’ लिखा होने के कारण भुगतान कर दिया गया।

पीड़ित बिनय कुमार महतो ने इस मामले में बैंककर्मियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को उन्होंने चेकबुक बैंक के पते पर मंगाने के लिए आवेदन दिया था। बिनय महतो प्रकाश चंद जैन सेवा सदन में कार्यरत हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।

इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : सोनारी के भूतनाथ मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु से चेन छिनताई, शहर की बदहाल कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

Related Articles