Home » MGM Hospital Jamshedpur Theft: एमजीएम अस्पताल में ब्लेड से जेब काटकर चोरी का प्रयास, आरोपी सावन देवगम गिरफ्तार

MGM Hospital Jamshedpur Theft: एमजीएम अस्पताल में ब्लेड से जेब काटकर चोरी का प्रयास, आरोपी सावन देवगम गिरफ्तार

by Mujtaba Haider Rizvi
MGM Hospital Jamshedpur Theft
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने मंगलवार की देर रात रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम के रूप में हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ने के बाद एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बुधवार को पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी करता था। उसके पास से 150 रुपये नकद, चिलम, गांजा और एक ब्लेड बरामद किया गया है। आरोप है कि वह ब्लेड से लोगों की जेब काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर अस्पताल के दूसरे तल्ले पर एक मरीज के परिजन से 150 रुपये चोरी हुए थे। इसके बाद रात करीब 10 बजे आरोपी पांचवें तल्ले पर फर्श पर सो रहे एक मरीज के परिजन की जेब काटने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सतर्क सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

आरोप है कि मंगलवार रात भी आरोपी ने एक व्यक्ति की जेब पर ब्लेड से वार कर चोरी का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। संबंधित व्यक्ति ने सोने से पहले अपना मोबाइल और पर्स मरीज के बेड पर रख दिया था, जिसके कारण उसका कीमती सामान सुरक्षित बच गया। बाद में उसने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी।

अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की तस्वीर सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पिछले एक माह के दौरान अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता हो सकती है।

फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और अन्य चोरी की घटनाओं में आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

Read Also: Jamshedpur Crime : कदमा में आटो ड्राइवर ने छात्रा से की छेड़खानी, FIR दर्ज कर आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Related Articles