
Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। कॉलोनी रोड नंबर-3 स्थित एक घर में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घायल युवक आशीष कुमार का आरोप है कि बागबेड़ा की एक युवती के साथ उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। उसके अनुसार युवती के बुलाने पर वह जमशेदपुर पहुंचा, जहां युवती के परिजनों ने उसे घर के अंदर बंद कर मारपीट की। युवक ने यह भी दावा किया कि उसका मोबाइल फोन, जिसमें बैंक लेन-देन, चैट और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मौजूद थे, उससे छीन लिया गया।
वहीं युवती के पिता ने युवक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह उनकी बेटी के कमरे में घुस गया था और उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
फिलहाल बागबेड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


