RANCHI: जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षाओं 2 मई को होने वाली NEET-MDS 2026 और 3 मई को होने वाली NEET-UG 2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक तैयारी की है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत द्वारा बीएनएसएस की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश दोनों तिथियों पर प्रभावी रहेगा।
2 मई को आयोजित होने वाली NEET-MDS 2026 परीक्षा रांची में केवल एक केंद्र राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RTCIT) अनांदी ओरमांझी पर आयोजित होगी। वहीं 3 मई को NEET-UG 2026 परीक्षा जिले के 21 उप-केंद्रों पर एक ही पाली में संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था बाधित करने की कोशिश कर सकते हैं, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी। किसी भी प्रकार के आग्नेयास्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद आदि के साथ-साथ लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा-भाला जैसे हथियार लेकर चलना भी प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की व्यापक तैनाती की है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इसी क्रम में NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर जिला स्तर पर एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ने की। बैठक में परीक्षा के सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने फर्जी परीक्षार्थियों और नकल जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा केंद्र अधीक्षकों, पुलिस प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लिया जा सके। आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस, आग जैसी घटनाओं के लिए अग्निशमन दल और अन्य आवश्यक सेवाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
3 मई को होने वाली NEET-UG परीक्षा के लिए रांची के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में मारवाड़ी कॉलेज, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, सीआरपीएफ धुर्वा, नामकुम, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, गोस्सनर कॉलेज और सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल सहित कई संस्थान शामिल हैं।

