Home » jharkhand SIR : नए वोटरों के आवेदन डिजिटाइज कर मोबाइल पर SMS भेजने की प्रक्रिया शुरू

jharkhand SIR : नए वोटरों के आवेदन डिजिटाइज कर मोबाइल पर SMS भेजने की प्रक्रिया शुरू

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

30 सितंबर तक फॉर्म-6 के 7.27 लाख आवेदन किए जा चुके डिजिटाइज

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए बड़ी संख्या में प्राप्त हुए हैं आवेदन

फॉर्म-6 के 4362, फॉर्म-7 के 268 व फॉर्म-8 के 3561 आवेदन किए गए डिजिटाइज

रांची : झारखंड में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत पहली बार मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 के जरिए आवेदन करने वाले लोगों के आवेदनों पर कार्रवाई आगे बढ़ गई है। आवेदन प्राप्त होने के बाद उनका डिजिटाइजेशन किया जा रहा है और संबंधित स्तर पर जांच व सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। आवेदन करने वाले लोगों के मोबाइल नंबर पर आवेदन से संबंधित संदेश भी भेजे जा रहे हैं। इससे आवेदकों को उनके आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ने की जानकारी मिल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर तक फॉर्म-6 के 7,27,252 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इसके बाद भी आवेदन के डिजिटाइजेशन का काम जारी है। अकेले 2 अक्टूबर को फॉर्म-6 के 4362 आवेदन डिजिटाइज किए गए। फॉर्म-6ए के 113 आवेदन भी डिजिटाइज हो चुके हैं।

एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-7 के 13,696 आवेदन/आपत्तियां डिजिटाइज की जा चुकी हैं। मतदाता सूची में संशोधन के लिए दिए गए फॉर्म-8 के 4,80,016 आवेदन भी डिजिटाइज हो चुके हैं। 2 अक्टूबर को फॉर्म-7 के 268 और फॉर्म-8 के 3,561 आवेदन डिजिटाइज किए गए।

बीएलओ से मिले आवेदनों की प्रक्रिया जारी

बीएलओ को प्राप्त फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के आवेदनों को डिजिटाइज करने के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फॉर्म-6 के मामलों में पात्रता और उपलब्ध विवरण के आधार पर जांच-सत्यापन किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार संबंधित आवेदनों पर बीएलओ स्तर से प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आवेदन करने वालों को मोबाइल पर मिलने वाले संदेश से आवेदन की स्थिति और आगे की कार्रवाई की जानकारी मिल रही है।

छूटे पात्र नागरिकों के लिए भी विशेष कैंप

निर्वाचन विभाग की ओर से एसआईआर के दौरान छूटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आउटरीच और विशेष कैंप भी चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ना है, जो किसी कारण से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर पाए हैं। एसआईआर के तहत प्राप्त दावे, आपत्तियों और विभिन्न फॉर्म के आवेदनों पर कार्रवाई के बाद अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले डिजिटाइजेशन, जांच और सत्यापन समेत जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment