
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल से 23 सितंबर को बरामद हुए पंकज उरांव के शव की मिस्ट्री को सुलझाते हुए पुलिस ने एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि पंकज की हत्या किसी बाहरी रंजिश का नतीजा नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही पत्नी और ससुर द्वारा रची गई सोची-समझी साजिश थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रताड़ना से तंग आकर पिता संग रची साजिश
मृतक पंकज उरांव का अपनी पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर पत्नी जुलाई माह से मेदिनीनगर स्थित चियांकी में अलग रहने लगी थी। जब उसने पूरी आपबीती अपने पिता रामजन्म उरांव को बताई, तो दोनों ने मिलकर पंकज को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। हत्या को अंजाम देने के लिए पिता-पुत्री ने 10 लाख रुपये की मोटी सुपारी तय की। खास बात यह है कि इस सुपारी की रकम के लिए पिता को नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट में मिले 50 लाख रुपये के मुआवजे के पैसों का इस्तेमाल किया गया था।
जानिए कैसे रची गई खौफनाक साजिश
पंकज को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिराना अंदाज में हनीट्रैप का ताना-बाना बुना। रामजन्म ने अपनी परिचित तेतरी देवी नाम की महिला को 10 लाख रुपये में सुपारी दी, जिसमें से 8 लाख रुपये सीधे उसके बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद तेतरी देवी ने रिंकी देवी नामक दूसरी महिला को इस प्लान में शामिल किया। रिंकी ने अपना फर्जी नाम ‘सपना’ बताकर पंकज से मोबाइल पर मीठी-मीठी बातें करना शुरू किया और उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
मुलाकात के बहाने बुलाकर दिया घटना को अंजाम
17 सितंबर को पहली मुलाकात के दौरान पंकज का विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने उसे दोबारा मिलने के बहाने बुलाया। झांसे में आकर पंकज तय जगह पर पहुंच गया, जहां से उसे बाइक पर बैठाकर एकता जंगल की ओर ले जाया गया। पीछे-पीछे कार से पिंटू कुमार, जितेंद्र उरांव, दिलेश्वर सिंह के साथ-साथ मृतक की पत्नी और ससुर भी मौके पर पहुंच गए।
सन्नाटे का फायदा उठाकर आरोपियों ने दुपट्टे से पंकज का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को जंगल में ही फेंक दिया। पलामू एसपी कपिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ियां जोड़ते हुए पत्नी, ससुर, सुपारी लेने वाली महिलाओं और मददगारों समेत सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Read Also:

