
Potka : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से बरसात के मौसम में बढ़ रहे सर्पदंश के मामलों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में उपलब्ध एंटी वेनम (सर्पदंश रोधी) दवा के स्टॉक की जांच की। अस्पताल में दवा का पर्याप्त भंडार मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और इलाज की व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की प्रभारी चिकित्सक डॉ. विनीता लकड़ा और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर अस्पताल की वर्तमान स्थिति, आवश्यक संसाधनों और मरीजों के उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी होती है। ऐसे समय में अस्पतालों में एंटी वेनम समेत सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अस्पताल में दवाओं की कमी नहीं होने दी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी।

