Home » Potka Murder: प्रेमिका ने पति संग रची साजिश, सुपारी देकर प्रेमी सिकंदर की हत्या

Potka Murder: प्रेमिका ने पति संग रची साजिश, सुपारी देकर प्रेमी सिकंदर की हत्या

कोवाली पुलिस ने पांच दिन में सुलझाया हत्याकांड, चार आरोपी गिरफ्तार; हत्या में इस्तेमाल पाइप, कार और चार मोबाइल बरामद

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur  : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा से सटे बानाकाटा जंगल में एक सितंबर को हुई सिकंदर कुमार की हत्या का पुलिस ने पांच दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश सिकंदर की प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर रची थी और कथित तौर पर सुपारी देकर उसकी हत्या कराई गई।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल स्टील का जीआई पाइप, एक कार, चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामान और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मृतक के परिजनों से पूछताछ में सिकंदर कुमार के विभा देवी के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने विभा देवी के पति और बागबेड़ा निवासी मिंटू साव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए। जांच के अनुसार, मिंटू साव और विभा देवी ने मिलकर सिकंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए बड़ा बागलता गांव निवासी सुंदर दास को कथित रूप से 1.80 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई। इसमें 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए जाने की बात पुलिस ने कही है।

जंगल में ले जाकर की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत विभा देवी सिकंदर को रात के समय बानाकाटा जंगल लेकर पहुंची। इसके बाद मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास भी वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर सिकंदर पर स्टील के जीआई पाइप से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने सिकंदर के शव को उसकी बाइक के साथ सड़क किनारे छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, ऐसा इसलिए किया गया ताकि पहली नजर में मामला सड़क हादसा प्रतीत हो। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को घटना के पीछे हत्या की साजिश के संकेत मिले और धीरे-धीरे पूरी कड़ी सामने आती गई।

एक सितंबर को मिला था शव

एक सितंबर को बानाकाटा जंगल में सिकंदर कुमार का शव बरामद हुआ था। मृतक के भाई जितेंद्र शर्मा के बयान पर कोवाली थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य बिंदुओं को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के क्रम में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल स्टील का जीआई पाइप, एक कार, चार मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है।

छापेमारी टीम में थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, पुअनि सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो, सअनि रोशन कुजूर, प्रमोद सिंह, चौकीदार किरण महाकुड़, स्वदेश सीट, नगेन सरदार, अंजली किस्कू, बबलू हांसदा, अस्तुला खान, बीरेंद्र बिरुआ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles