Home » Potka Murder Case: पोटका में पेड़ से लटका मिला छात्रा का शव , हत्या की आशंका जताकर ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग

Potka Murder Case: पोटका में पेड़ से लटका मिला छात्रा का शव , हत्या की आशंका जताकर ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि सोमवारी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया हो सकता है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Potka : कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। छात्रा का शव पिछले रविवार गांव में ही एक पेड़ से लटका मिला था। घटना को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रैली निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग की और हत्या की आशंका जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि सोमवारी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया हो सकता है। इसी आशंका को लेकर महिला और पुरुष ग्रामीणों ने हाथों में सोमवारी की तस्वीर लेकर गांव में रैली निकाली और “सोमवारी को न्याय दो” के नारे लगाए।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के अनुसार, शव मिलने के बाद घटनास्थल के पास से एक पत्र मिलने की बात सामने आई थी। इसमें सोनू नामक युवक का जिक्र होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि युवक की भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जाए और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल हो।

ग्रामीणों ने सोमवारी के मोबाइल फोन की जांच को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पुलिस से मोबाइल की कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल की जांच से यह पता चल सकता है कि घटना से पहले सोमवारी की किन लोगों से बातचीत हुई थी और क्या किसी व्यक्ति ने उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया था।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

रैली में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, स्थानीय युवक सुजीत पुराण, मृतका की मां अनीता पुराण, पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार, हल्दीपोखर की मुखिया देवी कुमारी भूमिज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद अब पूरे मामले की पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Read also – Jamshedpur Monsoon Trade Fair : मानसून ट्रेड फेयर कल से, महिला उद्यमियों के उत्पादों की दिखेगी विविधता

Related Articles