RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक के पास मंगलवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने एक बस पर फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने ‘जीवन ज्योति’ नामक बस को निशाना बनाते हुए गोली चलाई। फायरिंग के बाद बस में सवार यात्रियों के साथ इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पीसीआर और पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर पुलिस ने एक अपराधी को धर दबोचा। हालांकि, उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अपराधियों ने बस पर फायरिंग क्यों की थी।

