RANCHI: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित चुटिया शनि मंदिर के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने कई राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को पास के गुरुनानक हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
स्थिति बिगड़ता देख कार चालक अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागकर सीधे चुटिया थाना पहुंच गया और वहां शरण ली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

