Home » RANCHI CRIME NEWS: रांची में भू-माफिया गिरोह का सदस्य चढ़ा पुलिस के हत्थे, पिस्टल के साथ कारतूस बरामद

RANCHI CRIME NEWS: रांची में भू-माफिया गिरोह का सदस्य चढ़ा पुलिस के हत्थे, पिस्टल के साथ कारतूस बरामद

by Vivek Sharma
भू माफिया
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: राजधानी में एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर भू-माफिया और आर्म्स एक्ट से जुड़े अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कांके और गोंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय भू-माफिया गिरोह का एक सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ा है। वहीं उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह गिरोह हथियार के बल पर जमीन विवाद खड़ा कर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। गिरोह के कुछ सदस्य पहले से न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि अन्य सदस्य संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

एसएसपी को इसकी सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद  पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में कांके, गोंदा और पिठौरिया थाना की संयुक्त छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भीठा बस्ती चांदनी चौक एतवा टोप्पो के आवास से एक 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया। वहीं पिस्टल की मैगजीन में चार जिंदा कारतूस पाए गए। इसके अलावा अभियुक्त के पास से ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस के अनुसार एतवा टोप्पो जमीन की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त रहा है। वह एक सक्रिय भू-माफिया सिंडिकेट का सदस्य है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार के स्रोत और इसके आपूर्तिकर्ताओं की पहचान के लिए जांच जारी है। इसके बाद हथियार सप्लाई को लेकर भी बड़ा खुलासा हो सकता है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: असामाजिक तत्वों ने जमकर मचाया उत्पात, फ्लैट में की पत्थरबाजी

Related Articles