Home » road safety : नाबालिगों के वाहन चलाने पर रांची में सख्ती, 30 को चेतावनी, पांच वाहन जब्त

road safety : नाबालिगों के वाहन चलाने पर रांची में सख्ती, 30 को चेतावनी, पांच वाहन जब्त

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

स्कूलों के बाहर जांच में पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 बच्चे मिले, बुण्डू टोल के पास हाईवे पर अनधिकृत पार्किंग पर भी कार्रवाई
रांची : नाबालिगों के वाहन चलाने और स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ रांची जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को डीपीएस, केराली स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के बाहर परिवहन विभाग की टीम ने जांच की। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाते मिले 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि पांच वाहनों को जब्त किया गया।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान नाबालिगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है और कम उम्र में वाहन चलाने से चालक के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। अभिभावकों से भी बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की गयी।
पांच सीट वाले वाहन में 12 से 14 बच्चे
स्कूलों के बाहर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की भी जांच की गयी। इस दौरान ऐसे मामले सामने आये, जिनमें निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल ले जाया जा रहा था। जांच में पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों को बैठाकर परिवहन करने की बात सामने आयी। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी और उन्हें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने की सख्त हिदायत दी गयी।
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना दुर्घटना की स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
बुण्डू टोल के पास हाईवे पर पार्किंग पर कार्रवाई
अभियान के दूसरे चरण में बुण्डू टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जांच की गयी। यहां भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग की जांच करते हुए सड़क यातायात में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गयी। वाहन चालकों को हाईवे पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के वाहन चलाने, स्कूली बच्चों के परिवहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग के मामलों में आगे भी नियमित जांच जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, संबंधित यातायात थाना प्रभारी समेत परिवहन एवं यातायात विभाग के पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Comment