
रांची : जेसीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच T20 मैच होना है। इस बड़े मुकाबले को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था का फुलप्रूफ खाका तैयार किया जा रहा है। इसी सिलसिले में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और जेसीए प्रबंधन के बीच कल एक बड़ी बैठक होने जा रही है।
भगदड़ से लिया सबक, सुरक्षा होगी सख्त
हाल ही में झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के दौरान स्टेडियम में जो अव्यवस्था और भगदड़ जैसा माहौल बना था, उससे प्रशासन ने बड़ा सबक लिया है। इस बार वैसी गलती न दोहराई जाए, इसके लिए स्टेडियम के हर एंट्री गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए जारी होगी गाइडलाइन
मैच वाले दिन शहर में जाम न लगे, इसके लिए एक स्पेशल रूट चार्ट तैयार हो रहा है। स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। कल की बैठक खत्म होने के बाद ट्रैफिक और पार्किंग से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी जाएगी।
दो दिन में तय होंगे टिकट के दाम
मैच को सही तरीके से आयोजित करने के लिए एक एक्सपर्ट एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि अगले दो दिनों में टिकटों की कीमतें तय हो जाएंगी और जल्द ही टिकटों की बिक्री भी शुरू कर दी जाएगी।
Read Also: Jharkhand News: झारखंड की सियासत, न्याय व्यवस्था, हादसों और दैनिक जीवन से जुड़ी दिनभर की राज्य की पांच बड़ी खबरें… एक क्लिक में पढ़ें झारखंड राउंडअप

