
Ranchi : अवैध तरीके से रेलवे टिकटों की खरीद-बिक्री और दलाली के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो (सीआईबी) ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रांची रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे बुकिंग काउंटर पर की गई।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट रांची और सीआईबी रांची की टीम ने रेलवे बुकिंग काउंटर पर छापेमारी-सह-तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पीआरएस काउंटर संख्या 05 से तत्काल टिकट खरीदने के बाद प्रवीण कुमार वर्मा (25) को हिरासत में लिया गया। वह गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के रामूसरन, मांद्रो का निवासी है।
तलाशी के दौरान उसके पास से 29,275 रुपये मूल्य के चार लाइव PRS रेलवे टिकट, एक मोबाइल फोन, तीन भरे हुए और चार खाली टिकट आरक्षण मांग-पत्र बरामद हुए। पूछताछ में उसने ग्राहकों के लिए रेलवे टिकट की व्यवस्था कर उन्हें अतिरिक्त शुल्क लेकर उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।
आरपीएफ ने बरामद टिकट और अन्य सामग्री जब्त कर प्रवीण कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ RPF पोस्ट रांची में केस दर्ज किया गया है।

