
रांची: पंडरा में स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी बाजार मिलेगा। इससे स्ट्रीट वेंडर्स और मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी। इस दिशा में रविवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की मेयर रोशनी खलखो ने पंडरा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया और संभावित स्थल का जायजा लिया।
राजधानी रांची के पंडरा क्षेत्र में सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से स्थायी बाजार की मांग कर रहे इन छोटे कारोबारियों को जल्द ही एक निश्चित स्थान मिल सकता है।
केंद्रीय मंत्री एवं मेयर ने निरीक्षण के दौरान पंडरा थाना के सामने तथा पंडरा पुल के बाद दाहिनी ओर स्थित खाली सरकारी जमीन का अवलोकन किया। इस भूमि को विकसित कर स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक सुव्यवस्थित स्थायी बाजार बनाने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ की। कहा कि स्थायी बाजार मिल जाने से वे बिना किसी बाधा के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
ओटीसी मैदान से लेकर फ्रेंड्स कॉलोनी तक प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स अपनी दुकानें लगाते हैं। स्थायी जगह के अभाव में उन्हें आए दिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, अस्थायी व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पहले भी नगर परिषद की बैठक में प्रमुखता से उठा चुके हैं।
प्रस्तावित योजना के तहत केवल बाजार ही नहीं, बल्कि दैनिक मजदूरों के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे मजदूरों और छोटे कारोबारियों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड-32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड-33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड-34 के पार्षद अजीत कच्छप के अलावा अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

