
चाईबासा : विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के सुचारू और निष्पक्ष क्रियान्वयन के लिए प्रमंडलीय आयुक्त सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जिला उपायुक्त मनीष कुमार, आयुक्त के सचिव दयानंद करजी, सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार रुन्थु महतो, सभी ERO, AERO और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में SIR-2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों और आगे की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी दी गई कि जिले में 5 विधानसभा क्षेत्र और 1,387 मतदान केंद्र हैं। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। अब 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को जारी होगी।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में न जुड़े। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम को निष्पक्ष, पारदर्शी और समय-सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि दावे-आपत्तियों का नियम के अनुसार सत्यापन और निपटारा किया जाए। मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और सुधार की जानकारी दी जाए ताकि गलती की स्थिति में समय पर संशोधन हो सके। बैठक में घर-घर सर्वेक्षण, Enumeration Form भरवाना, ASDDF सूची का मिलान और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पर भी मंथन हुआ। राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे SIR को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाएगा।
Read Also CHAIBASA NEWS : शहीद रूमुल सावैयां को नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि

