
Jamshedpur : रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर और आरएमपीबी के बीच विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने में आसानी होगी, वहीं नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त भीड़ का दबाव भी कम होगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर-आरएमपीबी परीक्षा स्पेशल 3 अगस्त से 6 अगस्त तथा 9 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक कुल 10 फेरों में संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 08182 आरएमपीबी-टाटानगर परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त से 7 अगस्त तथा 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक कुल 10 ट्रिप लगाएगी।
ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर से रात 12:45 बजे रवाना होगी और खड़गपुर, आद्रा, बर्धमान, आसनसोल, बोलपुर, रामपुरहाट, पाकुड़, गुमानी, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, एकलखी, बन्दीपुर और गौरामपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद सुबह 9:30 बजे आरएमपीबी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08182 आरएमपीबी से सुबह 10:00 बजे प्रस्थान करेगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए शाम 7:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
रेल प्रशासन के मुताबिक इस विशेष ट्रेन में कुल 16 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 12 सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे, दो सामान्य कोच तथा दो एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज वैन) शामिल होंगे। ट्रेन के संचालन, क्रू और अन्य व्यवस्थाओं का समन्वय संबंधित रेल मंडलों एवं जोनों के सहयोग से किया जाएगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे का कहना है कि इस विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन के संचालन से आरआरबी परीक्षा देने वाले हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और नियमित ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
Read also East Singhbhum News: गुड़ाबांदा में किराना दुकान पर खुलेआम बेचा जा रहा था गांजा, एक गिरफ्तार

