
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के चौथे दिन दो चक्रों के रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है और विजेता का फैसला अंतिम नौवें चक्र के बाद ही होगा।
जिला शतरंज संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि सातवें चक्र में बंगाल के रितिक चक्रवर्ती ने काले मोहरों से क्लोज्ड सिसिलियन ग्रैंड प्रिक्स अटैक में सोमालिया मंडल को हराया। दूसरे बोर्ड पर इंटरनेशनल मास्टर आराध्या गर्ग ने 98.5 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ सफेद मोहरों से स्लाव डिफेंस में फीडे मास्टर एस. धनंजय को पराजित किया। तीसरे बोर्ड पर बंगाल के सृजन साह ने किंग्स इंडियन अटैक में फीडे मास्टर हर्षित साहू को मात दी। चौथे बोर्ड पर छत्तीसगढ़ के गगन साहू और बंगाल के अनुस्तूप विश्वास के बीच बाजी ड्रॉ रही। पांचवें बोर्ड पर अर्पण दास ने रिहांत कूचे को हराया।
आठवें चक्र में शीर्ष बोर्ड पर आराध्या गर्ग और रितिक चक्रवर्ती के बीच क्वीन पॉन ओपनिंग में मुकाबला जारी रहा। दूसरे बोर्ड पर अर्पण दास ने सृजन साह के खिलाफ स्कैंडिनेवियन डिफेंस अपनाया। तीसरे बोर्ड पर बिहार के वेटरन खिलाड़ी वाई.पी. श्रीवास्तव और आंध्र प्रदेश की श्रवेयरी शेट्टी के बीच किंग्स इंडियन डिफेंस में जंग हुई।
प्रतियोगिता का जायजा लेने पहुंचे जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने आयोजन समिति और आर्बिटर टीम को सफल संचालन के लिए बधाई दी।अंतिम और नौवां चक्र रविवार सुबह 9 बजे खेला जाएगा, इसके बाद शाम 4 बजे खिरवाल बैंक्वेट हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।

